शिकायत करने वाली युवती को ही पुलिस ने रातभर थाने में बैठाए रखा

पटना पुलिस के अधिकारी कितना भी पीपल फ्रेंडली होने का दावा कर लें, उनके मातहत अपने कारनामों से उन दावों की पोल खोलते रहते हैं। दानापुर थाने ने बुधवार की रात कुछ ऐसा ही किया। शिकायत करने वाली एक युवती और उसके भाई को थाने में रातभर बिठाए रखा। चित्रकूट नगर स्थित घर में रात करीब 1 बजे एक युवक घुस गया था। उसे देख घर की वृद्ध महिला के चोर-चाेर का शाेर मचाने पर परिवार के अन्य लोग उठ गए और घर में घुसे युवक को पीट दिया। उस युवक ने खुद को पेठिया बाजार का रहने वाला मो. शहीद बताया। फोन कर थाने को सूचना दी गई। पुलिस टीम आरोपी युवक के साथ ही शिकायत करने वाले युवक और उसकी बहन को भी थाने ले आई। दोनों को रात भर बैठा कर रखा गया। इस दौरान एक अधिकारी ने दोनों से पूछताछ भी की। ड्यूटी पर तैनात ओडी पदाधिकारी ने कहा कि बड़ा बाबू द्वारा बयान लेने के बाद ही थाने से जाने देंगे। गुरुवार को 11 बजे दिन में युवती का बयान लेकर पकड़े गए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने के बाद भाई-बहन को घर जाने दिया गया।

सच को तलाशने में जुटे आला अफसर

इस मामले का एक और अनोखा पहलू यह है कि रातभर में शिकायत भी पूरी तरह बदल गई। युवती के भाई ने बताया कि आरोपी को घर में घुसा देख उसकी दादी चोर चोर चिल्लाने लगी। जिसके बाद जगे घर के लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। थाने को दी गई लिखित शिकायत में भी यही बात थी, पर सुबह होते होते पूरा मामला ही बदल गया। पुलिस ने उसकी बहन से दूसरा आवेदन लिखवाया। जिसमें आरोपी द्वारा पैर पकड़कर खींचे जाने की बात कही गई। युवती के आवेदन पर आरोपी के खिलाफ निर्वस्त्र करने के लिए बल प्रयोग करने का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया। बहन और भाई में सच कौन बोल रहा यह तो जांच का विषय है। पर दोनों के आवेदनों ने पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्न खड़ा कर दिया है। दानापुर एसडीपीओ अशोक मिश्रा ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36pyDGU
via IFTTT

Comments