वैद्यनाथ महतो को जदयू कार्यालय में दी श्रद्धांजलि, नीतीश ने कहा- इनका इस तरह से चले जाना दुखद

पटना.वाल्मीकिनगर के दिवंगत सांसद वैद्यनाथ प्रसाद महतो को विधानसभा परिसर और जदयू कार्यालय में श्रद्धांजलि दी गई। शनिवार को सुबह पटना हवाई अड्डे से उनका पार्थिव शरीर पहले विधानसभा परिसर लाया गया। वहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, विधानसभा के स्पीकर विजय कुमार चौधरी, विधानपरिषद के कार्यकारी सभापति मो. हारूण रशीद समेत बड़ी संख्या में मंत्रियों और विधानमंडल के सदस्यों ने स्व. महतो को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद जदयू कार्यालय में शोकसभा का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि वैद्यनाथ प्रसाद महतो का इस तरह से चले जाना दुखद है। समता पार्टी के गठन के समय से वे काफी सक्रिय थे। वर्ष 2005 में जब हमलोगों की सरकार बनी तो वे ग्रामीण विकास मंत्री बने। बाद में वे सांसद बने। अभी दोबारा सांसद बने लेकिन उनके कार्यकाल का एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था। मुख्यमंत्री ने स्व. महतो की पत्नी सुदामा देवी, पुत्र सुनील कुशवाहा, मनोज कुशवाहा और पुत्री सुनीता कुमारी से मुलाकात करके उन्हें सांत्वना दी। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह, डॉ. संजय जायसवाल, राज्यसभा में जदयू के नेता आरसीपी सिंह, सांसद रामनाथ ठाकुर, चन्देश्वर प्रसाद चन्द्रवंशी, मंत्री डॉ. अशोक चौधरी, श्याम रजक, श्रवण कुमार, कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, अशोक चौधरी, शैलेश कुमार, विधान पार्षद डॉ. रणवीर नंदन, संजय गांधी ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
परिजनों को सांत्वना देते मुख्यमंत्री नीतीश कुमार।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2I83ddj
via IFTTT

Comments