संप हाउस में पंपों का काम 15 तक, निर्माण कार्य 31 मई तक होगा पूरा
राजधानी में जलनिकासी के लिए बने 39 संप हाउसों को दुरुस्त कर पूरी तरह से फंक्शनल कर लिया जाएगा। बुडको व नगर निगम के बीच समन्वय समिति की बैठक में मॉनसून के दौरान जलनिकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने की रणनीति तैयार की गई। बैठक में मुख्य रूप से नाले की सफाई, नाले की उड़ाही, संप हाउस के 100 मीटर आगे तक नाले की सफाई, ग्रीटिंग की सफाई पर विशेष रूप से चर्चा हुई। बुडको के एमडी रमन कुमार ने कहा सभी 39 संप हाउस के मैकेनिकल मरम्मत का कार्य 15 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं, संप हाउस पर चल रहे निर्माण कार्यों को 31 मई तक पूरा कर लिया जाएगा। संप हाउस में सभी मशीनों की सर्विसिंग, बिगड़े मशीनों को ठीक करने, मोबिल-डीजल की समुचित व्यवस्था करने, पार्ट्स-पुर्जा का आकलन कर नए लगाने आदि के कार्यों को पूरा कराया जा रहा है। सैदपुर, रामपुर, आरके एवेन्यू, कदमकुआं जैसे कई ड्रेनेज पंपिंग स्टेशन का कार्य चल रहा है। नाला सफाई मामले पर भी चर्चा हुई। 10 दिनों में नाला सफाई का कार्य पूरा कर लिए जाने का दावा किया गया। बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, बुडको के मुख्य अभियंता आरसी ठाकुर पदाधिकारी मौजूद थे।
बैठक में इसपर हुई चर्चा
- कुर्जी संप हाउस का सफाई कार्य होगा।
- बाबू बाजार के पास कच्चा नाला कटवा कर बादशाही नाला तक मिलाया जाना है।
- मीठापुर कल्वर्ट की सफाई के लिए हाइटेंशन तार को पेसू की ओर से हटाया जाएगा।
- मंदिरी नाले के संप हाउस के पास के ग्रेटिंग की सफाई नियमित तौर पर होगी।
- कुर्जी नाला समेत अशोक राजपथ से गंगा नदी में गिरने वाले सभी नालों का एक बार संयुक्त निरीक्षण होगा।
जलापूर्ति योजनाओं का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश
नगर निगम क्षेत्र में गर्मी का प्रभाव बढ़ने से पहले वार्ड स्तर पर पेयजलापूर्ति की योजनाओं को पूरा कराने का निर्णय लिया गया है। जिन इलाकों में जलापूर्ति पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति हो रही है और इलाके छूटे हुए हैं, वहां पांच-पांच समरसेबुल बोरिंग की योजना बनाई गई है। जिन इलाकों में अभी पेयजलापूर्ति पाइपलाइन नहीं पहुंची है, उन इलाकों में 10-10 समरसेबुल बोरिंग कराई जाएगी। मेयर सीता साहू के स्तर पर हुई समीक्षा बैठक में हर घर को नल का जल से जोड़ने की योजना मामले की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने गर्मी को देखते हुए जलापूर्ति योजना का कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। बैठक में नाला उड़ाही कार्य की समीक्षा की गई। मेयर ने सरकार के निर्देश के तहत 3 मई तक नाला उड़ाही का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2xmLCfW
via IFTTT
Comments
Post a Comment