50 वर्ष से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों के काम की समीक्षा का आदेश निरस्त

50 वर्ष से अधिक उम्र के पुलिसकर्मियों के काम की समीक्षा के लिए बीएमपी 15 वाल्मीकिनगर के आदेश को निरस्त कर दिया गया है। पिछले दिनों सामान्य प्रशासन विभाग के संकल्प के आधार पर बीएमपी 15 वाल्मीकिनगर, बगहा के कमांडेंट ने एक पत्र जारी किया था, जिसमें पुलिसकर्मियों के कार्य की समीक्षा की बात कही गई थी।

साथ ही 172 पुलिसकर्मियों की सूची तैयार की गई थी। इसे अनिवार्य सेवानिवृत्ति से जोड़कर देखा जा रहा था। इसे लेकर बिहार पुलिस एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री और डीजीपी को पत्र लिखकर विरोध जताया था। एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने इस आदेश पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, पुलिस मुख्यालय ने कहा था कि उसके स्तर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है।

अब नहीं बनेगी कोई सूची
बीएमपी वाल्मीकिनगर के कमांडेंट द्वारा पूर्व में जारी आदेश को निरस्त किए जाने के बाद एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह ने कहा कि इसे लेकर पुलिसकर्मियों में भारी आक्रोश था। पुलिस मुख्यालय ने उसे गंभीरता से लिया और आदेश काे निरस्त कर दिया। पुलिसकर्मियों को अनिवार्य सेवानिवृत्ति देने के लिए जिलों और इकाइयों में अब कोई सूची नहीं बनेगी।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2YP7Od5
via IFTTT

Comments