पटना नगर निगम ने स्लम क्षेत्र के विकास के लिए बनाई अलग शाखा, स्वच्छता सर्वेक्षण में पिछड़ने के बाद लिया निर्णय

पटना नगर निगम की ओर से स्लम क्षेत्रों के विकास की योजना तैयार की गई है। इसके लिए अलग शाखा का गठन किया गया है। पिछले दिनों सशक्त स्थायी समिति की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। स्लम में मूलभूत सुविधाओं के विकास और सामाजिक विकास के कार्यक्रमों को चलाने का निर्णय लिया गया है। इस कार्य को अब तेजी से पूरा कराया जाएगा। दरअसल, पटना नगर निगम स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग में इस साल खराब प्रदर्शन के बाद स्थिति में सुधार के लिए कदम उठा रहा है।
पटना शहर की स्वच्छता रैंकिंग के खराब रहने के कारणों की समीक्षा के क्रम में स्पष्ट हुआ है कि स्लम विकास की योजनाओं को पूरी तरह से लागू कराने में सफलता नहीं मिल सकी है। वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण में 93 फीसदी वेटेज स्लम में रहने वाले लोगों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं के आधार पर मिलता है।

नगर निगम की ओर से कराई गई समीक्षा में साफ हुआ है कि राजधानी में करीब 150 स्लम हैं। इन स्लम में बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। यहां रहने वाले लोगों को पीने का पानी, शौचालय, बिजली, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।

मैकडोवल गोलंबर से प्रेमचंद रंगशाला तक बनेगा नाला

नगर निगम प्रशासन ने मैकडोवल गोलंबर से प्रेमचंद रंगशाला के बीच नए नाला के निर्माण की योजना बनाई है। प्रशासनिक स्वीकृति के बाद प्राक्कलन राशि भी तय कर ली गई है। वार्ड 43 में इस नाला के निर्माण का कार्य नगर निगम मद से ही कराने का निर्णय लिया गया है। नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा ने यह जानकारी दी। बारिश का मौसम खत्म होने के बाद इस नाले का निर्माण का शुरू कराया जाएगा। योजना पर 69 लाख 35 हजार 800 रुपए खर्च होंगे। इस नाले के निर्माण के बाद यहां जमा होने वाले पानी को सैदपुर नहर तक पहुंचाना आसान हो जाएगा।

अंचलों में रहेंगे नोडल पदाधिकारी
सशक्त स्थायी समिति की मुहर के बाद नगर निगम में स्लम क्षेत्र विकास शाखा का गठन किया गया है। इस शाखा की निगरानी मुख्यालय के स्तर से की जाएगी। पीआईयू-1 के कार्यपालक अभियंता सभी अंचलों में स्थित स्लमों के संबंध में प्रमंडलों में स्थित कार्यपालक अभियंता के माध्यम से सर्वे कराएंगे। नगर निगम के सभी छह अंचलों के कार्यपालक पदाधिकारी, सिटी मैनेजर व कार्यपालक अभियंता अपने-अपने क्षेत्र में स्लम विकास कार्यक्रम के नोडल पदाधिकारी होंगे। इस कार्य की सफलता में आवश्यक सहयोग देने का भी निर्देश उन्हें दिया गया है।

लड़कियों के लिए इज्जत अभियान
स्लम की युवा लड़कियों के लिए इज्जत अभियान की शुरुआत की जा रही है। नगर निगम प्रशासन की ओर से निर्णय लिया गया कि 12-13 साल से 19 साल तक की लड़कियों को इस योजना के तहत सैनिटरी नैपकिन की उपलब्धता कराई जाएगी। स्लम क्षेत्र विकास शाखा की ओर से इस कार्यक्रम का आगाज किया जाने वाला है। नगर निगम अपने स्तर पर इसकी शुरुआत कर रहा है। इससे स्लम क्षेत्र की युवा लड़कियों को हेल्थ व हाइजीन पर ध्यान रखने में मदद मिलेगी। योजना के तहत मुफ्त सैनिटरी नैपकिन बांटने की योजना तैयार की गई है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Patna Municipal Corporation set up separate branch for development of slum area, decided after falling behind in cleanliness survey


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3bivU5e
via IFTTT

Comments